नगर पालिका में भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, चेयरमैन के इस्तीफ़े की माँग
Indian 24 Circle News
जौनपुर। नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, तेल ग़बन, शहर की बदहाल सड़कों, गोमती घाट को निजी हाथों में सौंपने और तीन हत्या की घटनाओं पर चुप्पी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता शहर कांग्रेस कार्यालय से विशाल जुलूस निकालकर नगर पालिका परिसर पहुँचे और जमकर नारेबाज़ी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह और शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ने किया। इस दौरान प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में हो रहे घोटालों के लिए सीधे तौर पर स्थानीय मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ज़िम्मेदार हैं। उनके संरक्षण के बिना इतना बड़ा भ्रष्टाचार संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं ने “तेल छोड़ो, गद्दी छोड़ो” के नारे लगाते हुए मंत्री से इस्तीफ़े की माँग की।
ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा कि जौनपुर की जनता भ्रष्टाचार और लापरवाही को और बर्दाश्त नहीं करेगी। सड़कों पर गड्ढों की वजह से रोज़ हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन और मंत्री बेपरवाह हैं। अगर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन और तेज़ करेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ने कहा कि गोमती नदी का घाट जौनपुर की पहचान और आस्था का प्रतीक है। इसे निजी हाथों में देना शहर की संस्कृति और परंपरा पर सीधा प्रहार है। नगर पालिका भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुकी है, जबकि भाजपा नेता केवल सत्ता सुख में डूबे हैं।
ज़िला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू और राकेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करती रहेगी। इस मौके पर विनय तिवारी, देवराज पांडेय, अरुण शुक्ला, कृष्णचंद निषाद, आशुतोष सिंह आशू, संतोष गिरी, अनिल दुबे आज़ाद, इरशाद खान, शैलेन्द्र यादव, असरफ अली, मु. ताहिर, अनिल सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका प्रशासन और मंत्री गिरीश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी हुई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।




