भूमि विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी, डंडा और कुल्हाड़ी से हमला, तीन घायल, एक की हालत गंभीर
Indian 24 Circle News
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के पुरा अंधरी गांव में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। विवादित जमीन से जबरन छप्पर हटाए जाने का विरोध करना तीन लोगों को भारी पड़ गया। आरोप है कि मनबढ़ों ने लाठी, डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी निलेश यादव का महीनों से पड़ोसी बड़ेलाल यादव से भूमि विवाद चला आ रहा था। मंगलवार शाम करीब चार बजे बड़ेलाल यादव, विनोद यादव, धर्मेंद्र और अजय यादव एकजुट होकर निलेश यादव के खेत में बने छप्पर को जबरन हटाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। इस हमले में निलेश के पड़ोसी सुरेश यादव, दिनेश यादव और प्रदीप यादव घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सुरेश यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल पक्ष की ओर से निलेश यादव ने चारों हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों में शामिल अजय यादव हत्या के मामले में वांछित है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।

