खेतासराय पुलिस 10 चार पहिया वाहनों का किया चालान,तीन से उतारे गए हूटर, 7 पर लगी थी काली फिल्म
Indian 24 Circle News
खेतासराय, जौनपुर: अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशानुसार शुक्रवार को खेतासराय पुलिस टीम ने बड़े स्तर पर चार पहिया वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 10 वाहनों का चालान कर भारी जुर्माना लगाया गया, वहीं कई अन्य वाहनों की सघन तलाशी भी ली गई।
इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने किया, जिसमें खेतासराय थाना प्रभारी रामाश्रय राय, कस्बा इंचार्ज तारीक अंसारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। अभियान के दौरान शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर स्थित खेतासराय कस्बे के मुख्य चौराहे पर घंटों तक वाहनों की चेकिंग की गई।
काली फिल्म और हूटर वालों पर कड़ी कार्रवाई
इस चेकिंग अभियान में पुलिस ने चार पहिया वाहनों की सघन जांच की, जिनमें काली फिल्म लगे शीशे और हूटर लगे वाहनों की विशेष रूप से पड़ताल की गई। सात वाहनों से काली फिल्म हटाई गई, जबकि तीन वाहनों से हूटर उतारकर जब्त किए गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 10 वाहनों का चालान कर दिया गया।
थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि यह अभियान अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया था। उन्होंने कहा, "सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे।"
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालकों को पुलिस द्वारा समझाइश भी दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया।
इस अभियान में कांस्टेबल बृकेश यादव, राजकुमार, जितेन्द्र कुमार यादव और होमगार्ड पवन यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि अपराधों पर नकेल कसी जा सके और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

