बाइक सवार हमलावरों ने युवक को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी
Indian 24 Circle News
जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के ग्राम कुहिया में शनिवार रात्रि करीब 8:00 बजे अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक पर फायरिंग कर उसे घायल कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रवि कुमार यादव (35 वर्ष), पुत्र जयराम यादव, अपने घर से कुछ दूरी पर गुटखा खरीदने गया था। गुटखा खरीदकर वापस लौटते समय, उसने रास्ते में कुछ लोगों को अलाव तापते और लूडो खेलते देखा और वह वहीं बैठ गया। इसी दौरान, कोइरीडिहा बाजार की ओर से एक बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति आए और रवि पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली रवि के बाएं पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली जमीन पर चली। घटना के बाद हमलावर मलहनी बाजार की ओर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में भगदड़ मच गई।घटना की सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल रवि कुमार को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
( रिपोर्ट: जिला संवाददाता )

