रुचि गौतम हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मोटरसाइकिल बरामद
Indian 24 Circle News
जौनपुर। सुजानगंज पुलिस ने रुचि गौतम उर्फ रोशनी हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी अमित सरोज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमित सरोज पुत्र अशोक सरोज निवासी ग्राम नरहरपुर, थाना सुजानगंज, जनपद जौनपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बांका (धारदार हथियार) और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
यह घटना 4 नवंबर 2025 को सामने आई थी, जब वादी विकास कुमार पुत्र बृजभूषण गौतम ने थाना सुजानगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पड़ोसी गांव नरहरपुर के अमित सरोज ने उनकी बहन रोशनी उर्फ रुचि गौतम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है। इस संबंध में थाना सुजानगंज में मु0अ0सं0 299/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ द्वारा चलाए जा रहे अपराध रोकथाम अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बदलापुर विवेक सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सुजानगंज थानाध्यक्ष फूलचंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 नवंबर 2025 को आरोपी अमित सरोज (उम्र करीब 23 वर्ष) को दुर्ग वंश शिक्षण संस्थान करगैल, सुजानगंज के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष फूलचंद पाण्डेय, उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल अश्वनी पाण्डेय, कांस्टेबल संजीव कुमार, वरुण यादव और शुभम कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

