श्रावण मास में निकली भव्य कांवड़ शोभायात्रा, भगवान शिव के जयकारों से गूंजा जौनपुर Indian 24 Circle News

Indian 24 circle news
By -
0

श्रावण मास में निकली भव्य कांवड़ शोभायात्रा, भगवान शिव के जयकारों से गूंजा जौनपुर

Indian 24 Circle News 


जौनपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के पावन अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ, जौनपुर द्वारा शनिवार 19 जुलाई 2025 को भगवान शिव की भव्य कांवड़ शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस पवित्र यात्रा की शुरुआत हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर पर पूजन अर्चना के साथ हुई, जहां संघ के संरक्षक संतोष सेठ और महासचिव विमल सिंह ने विधिवत पूजन किया।

यात्रा का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह द्वारा नारियल फोड़कर किया गया, वहीं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने हरी झंडी दिखाकर व खुद कांवर उठाकर शोभायात्रा को रवाना किया। यात्रा की भव्यता देखते ही बनती थी—हाथी, घोड़े, DJ, आकर्षक झांकियां और भगवान शिव की विविध मुद्राओं में सजी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

नगर के प्रमुख मार्गों से होकर यात्रा सद्भावना पुल, कजगाँव पड़ाव, ओलन्दगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा आदि से होती हुई आगे बढ़ी। कोतवाली चौराहे पर शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा एवं कोतवाली पुलिस टीम ने पुष्प वर्षा कर कांवरियों का भव्य स्वागत किया।

यात्रा जब सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाजार से होकर भण्डारी स्टेशन पहुंची, तो 12:30 बजे फरक्का ट्रेन से कांवरियों की रवानगी हुई। पूरे मार्ग में महिलाओं ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर भक्तों का अभिनंदन किया। सामाजिक संस्थाओं एवं पुलिस प्रशासन ने कांवरियों के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की थी, वहीं जिलाधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह द्वारा कांवरियों को फल वितरित किए गए।

इस दौरान बोल बम कांवरिया संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पावन महीना है। शिव कल्याण के देवता हैं और उनके पूजन से राष्ट्र, धर्म और समाज का कल्याण होता है।

शोभायात्रा को सफल बनाने में संघ के संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, श्रवण कुमार चौरसिया, सुभाष गर्ग, संजय मोदनवाल, अजय सेठ, संजय जायसवाल, अशोक मोदनवाल, राजन बम, उदय सेठ, कृष्ण सेठ, अनिल गुप्ता, विजय मास्टर, संजीव चौरसिया, मक्खन मास्टर, आशीष बोस, मनीष सेठ, आशीष सेठ, महेश सेठ, मनोज माहेश्वरी, सौरभ सेठ, शैलेन्द्र सेठ, लाला तार वाले, संदीप अग्रहरि, रंजीत अग्रहरि, पप्पू अग्रहरि, सुमित बम नेपाली, अनिल औजार वाले, विष्णु गोस्वामी, किशोर कुमार शर्मा, हरीश साहू, रामू मोदनवाल सहित अनेकों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अमूल्य सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू व महासचिव विमल सिंह ने सभी श्रद्धालु भक्तों, समाजसेवियों, प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद का आभार प्रकट किया।

"हर हर महादेव" के जयघोष से गूंजते इस पावन आयोजन ने सम्पूर्ण जौनपुर को शिवमय बना दिया।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!