राहुल गांधी का जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाया गया, NSUI ने किया फल वितरण
Indian 24 Circle News
जौनपुर, 19 जून — भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अंदाज़ में मनाया गया। जौनपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और एनएसयूआई (NSUI) शहर अध्यक्ष अमन सिन्हा की अगुआई में यह कार्यक्रम शहर स्थित वृद्धा आश्रम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसके बाद आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को फल वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके सामाजिक सरोकारों की सराहना की।
इस अवसर पर NSUI शहर अध्यक्ष अमन सिन्हा ने कहा कि "राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई अहम सुधार किए हैं। उन्होंने NSUI और युवा कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी, जिससे संगठन की सदस्यता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।"
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने कृषि कानूनों की वापसी, बेरोजगारी, जीएसटी दरों में सुधार, किसानों की समस्याएं और सामाजिक न्याय जैसे अहम मुद्दों पर प्रभावशाली तरीके से आवाज़ उठाई है। इससे विपक्ष की भूमिका और भी सशक्त हुई है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीर बहादुर विक्रम सिंह 'बाबा' द्वारा NSUI का नवीन पोस्टर भी जारी किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश उपाध्याय, राकेश मिश्रा मंगला, विशाल सिंह हुकुम, राजकुमार गुप्ता, प्रवीन सिंह पिंटू, अजय सोनकर, नेशार इलाही, अमिश श्रीवास्तव, NSUI शहर उपाध्यक्ष रोहित पाण्डेय, कार्तिकेय चतुर्वेदी, महासचिव शुशांत पाण्डेय, सचिव कृष्णा पाण्डेय, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, नितीश बिंद, विशाल बिंद, सार्थक श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने की कोशिश की कि राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता इसका मूल आधार है।
![]() |
| विज्ञापन |




