सुइथाकला में युवक ने खुद को आग लगाकर दी जान
Indian 24 Circle News
![]() |
| फ़ाइल फोटो " विद्यासागर उपाध्याय |
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के अरसिया (टिकुरिया) गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह दर्दनाक घटना गांव निवासी विद्या सागर उपाध्याय (42) के साथ हुई, जिसने बंद कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, जब कमरे से धुंआ निकलता देखा गया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि विद्या सागर 90 फीसदी जल चुके थे। तत्काल उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुइथाकला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद विद्या सागर की मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक अत्यधिक शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में परिवार के साथ विवाद करता था।
विद्या सागर अपने पीछे पत्नी संगीता और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

