जौनपुर में महाशिवरात्रि का भव्य उत्सव, हर ओर गूंजा "हर हर महादेव"
Indian 24 Circle News
जौनपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जिलेभर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। हर ओर "हर हर महादेव" के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु व्रत रखकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना करते नजर आए। भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के शुभ विवाह के इस अवसर पर भक्तों ने विशेष अनुष्ठान कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
शहर के प्रसिद्ध त्रिलोचन महादेव, गौरी शंकर धाम और शाही पुल स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त बारी-बारी से जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। खासतौर पर त्रिलोचन महादेव और अन्य प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
भक्तों ने इस पावन पर्व पर एक-दूसरे को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की।

